RRB Group D Vacancy Notification : 22000 रेलवे ग्रुप डी भर्ती के आवेदन 21 से,जानें आधार, फोटो व 10वीं सर्टिफिकेट के नियम

RRB Group D New Vacancy 2026 Notification : रेलवे ग्रुप डी के 22000 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन भारत सरकार के रोजगार समाचार पत्र में प्रकाशित हो चुका है। इसके मुताबिक आरआरबी ग्रुप डी भर्ती के लिए आवेदन 21 जनवरी 2026 से शुरू होंगे। एप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 तय की गई है। इच्छुक व योग्य अभ्यर्थी www.rrbapply.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आरआरबी ने शॉर्ट नोटिफिकेशन में कहा है कि अभ्यर्थी अपने आधार कार्ड की डिटेल्स व फोटो अपडेट करवाकर रखें। आधार कार्ड की फोटो अपडेट होनी चाहिए। साथ ही आधार कार्ड पर दिया गया नाम व जन्म तिथि 10वीं कक्षा के सर्टिफिकेट के मुताबिक होना चाहिए। अगर ऐसा नहीं है तो आधार कार्ड की डिटेल्स अपडेट करवा लें।
‘उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे ऑनलाइन आवेदन भरते समय अपनी मूल जानकारी को आधार से सत्यापित करें। यदि आवेदन आधार से सत्यापित नहीं होगा, तो भर्ती की प्रक्रिया में हर चरण पर अतिरिक्त जांच के कारण ज्यादा समय लगेगा और असुविधा होगी। आधार के माध्यम से सफल सत्यापन सुनिश्चित करने हेतु, ‘आधार’ में अंकित नाम एवं जन्मतिथि को 10वीं कक्षा उत्तीर्ण प्रमाणपत्र में उपलब्ध पूर्ण नाम एवं जन्मतिथि से शत-प्रतिशत मेल खाना आवश्यक है। इसी प्रकार, ऑनलाइन आवेदन भरने से पूर्व ‘आधार’ में नवीनतम फोटो तथा नवीनतम बायोमेट्रिक्स (फिंगरप्रिंट एवं आइरिस) अद्यतन होना चाहिए। यह सूचना केवल सांकेतिक स्वरूप में जारी की गई है, जिसका उद्देश्य संभावित उम्मीदवारों को आगामी केंद्रीकृत रोज़गार अधिसूचना के संबंध में अवगत कराना तथा आवेदन हेतु आवश्यक प्रमाणपत्रों/दस्तावेजों के साथ तैयार रहने के लिए है। यह भी स्पष्ट किया जाता है कि भर्ती से संबंधित सभी नियम, शर्तें, पात्रता मानदंड, प्रक्रियाएं एवं अन्य आवश्यकताएं विस्तृत केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना संख्या 09/2025 (साथ ही समय-समय पर जारी किए जाने वाले किसी भी परिशिष्ट) के अनुसार ही होंगी, जो केवल नीचे सूचीबद्ध रेलवे भर्ती बोर्डों की आधिकारिक वेबसाइटों पर प्रकाशित की जाएंगी।’
योग्यता पर सवाल
शॉर्ट नोटिफिकेशन में योग्यता स्पष्ट नहीं की गई है। विस्तृत नोटिफिकेशन आने के बाद यह यह साफ हो पाएगा। इस बार रेलवे में आईटीआई योग्यता होगी या फिर 10वीं पास। क्या सभी 10वीं युवाओं को सभी पदों के लिए आवेदन का मौका दिया जाएगा या फिर कुछ पदों पर ही 10वीं पास आवेदन कर सकेंगे। और कुछ पद आईआईटी सर्टिफिकेट वालों के लिए ही होंगे। इन सब सवालों पर अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
कहां कितने पद
प्रस्ताव के मुताबिक भर्ती में पूर्व मध्य रेलवे में 993 पद, दक्षिण पूर्व रेलवे में 1,199 पद आवंटित किए गए हैं। नई 22000 ग्रुप डी भर्ती में सबसे ज्यादा पद इंजीनियरिंग विभाग में हैं, जहां कुल 12,500 पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा पद ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-4 के 11 हजार पद सृजित किए गए हैं। ट्रैफिक प्वाइंट बी के 5000 पद सृजित किए गए हैं। अस्सिटेंट (एस एवं टी) 1500, अस्सिटेंट (सी एवं डब्ल्यू) 1000, अस्सिटेंट ऑपरेशन 500, अस्सिटेंट लोको शीट 200, अस्सिटेंट (टीआरडी) 800, अस्सिटेंट (पी-वे) 300, असिस्टेंट (ट्रैक मशीन) 600 पद और असिस्टेंट (ब्रिज) 600 पद सृजित किए गए हैं। पदों की कंफर्म डिटेल्स विस्तृत नोटिफिकेशन के जारी होने के बाद ही सामने आएगी।
आयु सीमा
इस भर्ती के लिए 18 से 33 आयु के लोग आवेदन कर सकते हैं। ओबीसी के लिए 3 वर्ष और एससी, एसटी कैटेगरी के लिए 5 वर्ष की छूट दी गई है।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में सफल उम्मीदवारों को पीईटी में बुलाया जाएगा। सीबीटी सिर्फ एक चरण में होगा। पीईटी के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल होगा।